मसूरी मजदूर संघ ने गोल्फकार्ट व्यवस्था पर जताई सहमति, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।

मसूरी में 121 साइकिल रिक्शा संचालन समाप्त कर गोल्फकार्ट व्यवस्था लागू किए जाने के निर्णय पर मजदूर संघ ने सहमति जताते हुए जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल का आभार व्यक्त किया। मजदूर संघ के पदाधिकारी जनता दरबार में पहुंचकर जिलाधिकारी को धन्यवाद देने के साथ ही श्रमिकों की विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।
संघ ने अवगत कराया कि सभी रिक्शा श्रमिक गोल्फकार्ट व्यवस्था के पक्ष में हैं तथा एक गोल्फकार्ट में दो श्रमिकों के समायोजन पर सहमत और संतुष्ट हैं। उनका कहना है कि इससे पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ श्रमिकों की आय में भी वृद्धि होगी।
ज्ञापन में मजदूर संघ ने मांग की कि मालरोड पर गोल्फकार्ट संचालन के लिए समय सीमा निर्धारित न की जाए और पूर्व के साइकिल रिक्शा स्टैंडों पर ही गोल्फकार्ट के रख-रखाव की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही झूलाघर में 10 तथा गांधी चौक पर 15 चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाने की मांग की गई।
संघ ने यह भी प्रस्ताव रखा कि गोल्फकार्ट मुख्य रूप से मालरोड पर संचालित की जाए, ताकि पर्यटकों को अधिकतम लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त कंपनी गार्डन, कैमलबैक रोड, जॉर्ज एवरेस्ट, पिक्चर पैलेस, दलाई हिल, लंढौर और क्लाउड एंड जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक संचालन का रूट निर्धारित करने की मांग भी रखी गई।
मजदूर संघ ने 121 साइकिल रिक्शा श्रमिकों को गोल्फकार्ट में समायोजित करने, इच्छुक श्रमिकों को उचित मुआवजा देने तथा पूर्व निर्धारित मुआवजा राशि को कम से कम दोगुना करने की मांग की। विधवा महिला रिक्शा श्रमिकों एवं असमर्थ श्रमिकों को विशेष मुआवजा प्रदान कर वैकल्पिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की भी अपील की गई। साथ ही पहले से संचालित गोल्फकार्ट में भी दो श्रमिकों के समायोजन की मांग रखी गई।
संघ ने जोर देकर कहा कि गोल्फकार्ट शीघ्र उपलब्ध कराई जाए और उससे पूर्व झूलाघर व गांधी चौक पर चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएं, ताकि संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
ज्ञापन सौंपने वालों में मजदूर संघ अध्यक्ष संपत लाल, सचिव सोबन सिंह पवार, जगत लाल, रमेश गौड़, गंभीर पंवार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।



