
अग्निवीर योजना युवाओं की भावना व भविष्य के साथ खिलवाड़, इसे तत्काल बंद किया जाए: कर्नल नेगी
मसूरी। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उत्तराखंड प्रदेश सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने मसूरी में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना का कड़ा विरोध करते हुए इसे युवाओं की भावना और भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल सैन्य परंपराओं पर आघात है, बल्कि देश की सुरक्षा के लिए भी घातक सिद्ध हो सकती है।

कर्नल नेगी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे सैनिक बाहुल्य प्रदेश में युवा लंबे समय से देश सेवा को अपना गौरव मानते रहे हैं, लेकिन चार वर्ष की अस्थायी सेवा वाली यह योजना उनके मनोबल को तोड़ रही है। उन्होंने कहा कि चार साल की नौकरी में कोई भी जवान सैन्य परंपराओं और जटिल ऑपरेशनल परिस्थितियों को पूरी तरह आत्मसात नहीं कर सकता। सीमाएं अत्यंत संवेदनशील हैं, ऐसे में अनुभवहीनता देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
उन्होंने कहा कि पहले जहां हर वर्ष लगभग 80 हजार सैनिकों की भर्ती होती थी, वहीं अब संख्या घटाकर लगभग 47 हजार कर दी गई है और वह भी चार वर्ष के अनुबंध पर। इससे आने वाले समय में सेना में लगभग पांच लाख सैनिकों की कमी हो सकती है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से चिंताजनक है।
कर्नल नेगी ने बताया कि वर्ष 2022 में योजना लागू होने के बाद से ही कांग्रेस इसका विरोध कर रही है और Rahul Gandhi ने भी इस विषय को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश और उत्तराखंड में जनसंवाद, प्रदर्शन और आंदोलन के माध्यम से इस योजना का विरोध कर रही है तथा जब तक योजना वापस नहीं ली जाती, आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि उत्तराखंड को पहला सीडीएस देने का गौरव प्राप्त हुआ है, लेकिन अग्निपथ योजना के तहत सैनिक जब पूरी तरह तैयार होता है, तभी उसे सेवा से बाहर कर दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के तहत चार वर्ष बाद सेवानिवृत्त होने वाले युवाओं को न पेंशन, न ग्रेच्युटी, न स्वास्थ्य सुविधाएं और न ही शहीद का दर्जा मिलेगा, जो युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाएं भी सेना में आगे आ रही हैं, ऐसे में यह योजना उनके लिए भी निराशाजनक साबित हो रही है।
कर्नल नेगी ने यह भी कहा कि 1922 से लागू प्रावधान के तहत पूर्ण सेवा देने के बाद अपंग हुए सैनिकों को टैक्स दायरे से बाहर रखा जाता रहा है, लेकिन अब केंद्र सरकार उन पर कर लगाने की तैयारी कर रही है, जिसका भी विरोध किया जाएगा और इसे संसद में उठाया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में पूर्व सैनिक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, डॉ. आरपी ध्यानी, कैप्टन गोपाल गडिया, आलम सिंह रावत, महेश चंद, राजेश मल्ल, तेजपाल रौथाण, महिमानंद सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



