देहरादूनमसूरी

मसूरी में पटवारी व एसडीएम की नियुक्ति की मांग, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।

मसूरी में पटवारी व एसडीएम की नियुक्ति की मांग, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
मसूरी। मसूरी क्षेत्र में पटवारी व एसडीएम की नियुक्ति तथा मसूरी को तहसील घोषित किए जाने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पालिका सभासद जसबीर कौर ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में कहा गया कि मसूरी क्षेत्र की जनता वर्तमान में विभिन्न प्रमाण पत्र न बन पाने के कारण भारी परेशानियों का सामना कर रही है। क्षेत्र में न तो नियमित पटवारी की नियुक्ति है और न ही एसडीएम तैनात हैं, जिससे आम नागरिकों के आवश्यक कार्य लंबित पड़े हैं।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर ने कहा कि आय, जाति, स्थायी निवास सहित अन्य जरूरी प्रमाण पत्र न बनने से लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। विशेष रूप से छात्रों को शैक्षिक प्रमाण पत्रों एवं अन्य दस्तावेजों के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पटवारी के अभाव में प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, जिससे विद्यार्थियों के प्रवेश, छात्रवृत्ति एवं अन्य शैक्षिक कार्य अटक रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा मसूरी को तहसील बनाए जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक यह घोषणा धरातल पर साकार नहीं हो पाई है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि मसूरी में शीघ्र पटवारी एवं एसडीएम की नियमित नियुक्ति की जाए और तहसील गठन की प्रक्रिया को तेज किया जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।
इस दौरान कचहरी में विभिन्न कार्यों से आए कई अन्य लोग भी मौजूद रहे, जिनके कार्य भी संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण लंबित पड़े हैं।
ज्ञापन देने वालों में जसबीर कौर के साथ संगीता भंडारी, सुधा भंडारी, आभा खुल्लर, संगीता गोयल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button