देहरादून

उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने SSP को दिया ज्ञापन, फेसबुक पर फर्जी AI पोस्ट फैलाने वालों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग।

15 दिन में कार्रवाई न होने पर पुलिस मुख्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी।

देहरादून।
उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमण्डल ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून से मुलाकात कर सोशल मीडिया पर फर्जी AI-जनरेटेड पोस्टों के माध्यम से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और उसके वरिष्ठ नेताओं की छवि धूमिल किए जाने का आरोप लगाया। प्रतिनिधिमण्डल ने दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए एसएसपी को ज्ञापन सौंपा।
महिला कांग्रेस का आरोप है कि फेसबुक पर संचालित कुछ पेज और ग्रुप—“धाकड़ धामी”, “वसूली अभियान मोर्चा”, “सनातनी धामी” और “धामी की धमक”—लगातार कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं के खिलाफ भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर रहे हैं। संगठन के अनुसार इन पेजों के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग करते हुए मनगढ़ंत और भ्रम फैलाने वाला कंटेंट तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।

प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि इस प्रकार की पोस्टों के जरिए एक विशेष धर्म का सहारा लेकर कांग्रेस पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है, जिससे समाज में भ्रम और वैमनस्य फैलने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था के लिए भी खतरा बन सकती हैं।
महिला कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की छवि को भी जानबूझकर धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि इस संबंध में पहले भी शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ा है।
महिला कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संबंधित फेसबुक पेजों और उनसे जुड़े व्यक्तियों की निष्पक्ष व गहन जांच कराई जाए और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 (IT Act) तथा भारतीय दंड संहिता (IPC) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रदेश महिला कांग्रेस पुलिस मुख्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमण्डल में प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, महासचिव निधि नेगी, चन्द्रकला नेगी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button