उत्तराखंडदेहरादून

धामी सरकार का बड़ा प्रशासनिक एक्शन: ऊर्जा निगमों के एमडी समेत कई अधिकारी पदमुक्त।

यूपीसीएल और यूजेवीएनएल में नई नियुक्तियां, सेवा विस्तार पर चल रहे अधिकारियों को हटाया।

देहरादून।
प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है। सरकार ने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) और उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के प्रबंध निदेशकों (एमडी) समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है।

ये सभी अधिकारी सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार पर कार्यरत थे। शासन के इस कदम को ऊर्जा विभाग में व्यापक प्रशासनिक पुनर्गठन के रूप में देखा जा रहा है।
ऊर्जा सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार, जिन्हें 30 जून 2024 को सेवानिवृत्ति के बाद दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया था, को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह गजेंद्र सिंह बुदियाल को यूपीसीएल का नया एमडी नियुक्त किया गया है, जो पहले यूजेवीएनएल में महाप्रबंधक (भागीरथी वैली) और पिटकुल में प्रभारी निदेशक (परिचालन) के पद पर कार्यरत थे।

इसी तरह, यूजेवीएनएल के एमडी संदीप सिंघल को भी उनके पद से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर अजय कुमार सिंह को नया एमडी बनाया गया है, जो पहले निगम में महाप्रबंधक (भागीरथी वैली) और प्रभारी निदेशक (परिचालन) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

इसके अलावा, यूपीसीएल के निदेशक (परियोजना) अजय कुमार अग्रवाल को भी पदमुक्त कर दिया गया है। हालांकि, उनके स्थान पर फिलहाल किसी नए अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है।
सरकार ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने के निर्देश जारी किए हैं। माना जा रहा है कि यह कदम ऊर्जा क्षेत्र में नई टीम के साथ बेहतर कार्यप्रणाली और दक्षता बढ़ाने की दिशा में उठाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button