
उत्तरकाशी | 24 मार्च 2026
उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड अंतर्गत फीताड़ी गांव में मंगलवार को भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। आग लगने से गांव के लकड़ी के कई मकान इसकी चपेट में आ गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी उत्तरकाशी को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा प्रबंधन सचिव से वार्ता कर प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी के निर्देशन में प्रशासन, आपदा प्रबंधन और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। प्रभावित क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने और जनजीवन को जल्द सामान्य करने के लिए प्रशासनिक अमला लगातार सक्रिय है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की इस घटना में 2 से 5 मकान प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं मिली है।
प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सामग्री, भोजन और अन्य राहत सहायता उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।



