
मसूरी। मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के नव निर्वाचित पदाधिकारियों द्वारा व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए एक भव्य धन्यवाद रैली का आयोजन किया गया। रैली टिहरी बस स्टैंड से गांधी चौक तक निकाली गई, जिसमें आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
एसोसिएशन के चुनाव में लगातार नौवीं बार अध्यक्ष चुने गए रजत अग्रवाल पर व्यापारियों ने एक बार फिर अपना भरोसा जताया। इस अवसर पर आयोजित धन्यवाद रैली में अध्यक्ष रजत अग्रवाल, महामंत्री जगजीत कुकरेजा, कोषाध्यक्ष नागेंद्र उनियाल, उपाध्यक्ष अतुल अग्रवाल, सह सचिव सलीम अहमद सहित अन्य पदाधिकारियों और सहयोगियों ने शहर की विभिन्न दुकानों पर जाकर मतदाता व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।
रैली के दौरान अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने सभी व्यापारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे पिछले 17 वर्षों से व्यापारियों की सेवा कर रहे हैं और उनके सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आगे भी वे व्यापारियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और व्यापार संघ में किसी प्रकार की राजनीति को स्थान नहीं दिया जाएगा।
वहीं, पांचवीं बार महामंत्री चुने गए जगजीत कुकरेजा ने भी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और सभी को साथ लेकर व्यापारियों के हित में कार्य करेंगे।
धन्यवाद रैली के दौरान पूरे बाजार क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा और व्यापारियों ने नव निर्वाचित टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया।



