
मसूरी। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा कुलड़ी मालरोड स्थित श्री साईं मंदिर के समीप श्रद्धा और भक्ति के साथ हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों ने भी भाग लिया और भगवान हनुमान से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि भगवान हनुमान को देशभर में सबसे बड़े राम भक्त के रूप में पूजा जाता है। उनकी अपार शक्ति और समर्पण ने भगवान राम को रावण पर विजय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि इसी आस्था के साथ हर वर्ष हनुमान जयंती पर यह आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के महामंत्री जगजीत कुकरेजा, उपाध्यक्ष अतुल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नागेंद्र उनियाल, अरविंद सेमवाल, अनिल गोयल, देवेंद्र उनियाल, राजेश शर्मा, जोगेंद्र कुकरेजा, आशुतोष जोशी एवं भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सचिन पंवार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं दूसरी ओर बजरंग दल द्वारा भी शहर में जय श्री राम और जय बजरंग बली के जयकारों के बीच भव्य रैली निकाली गई, जो गांधी चौक तक पहुंची। पूरे दिन मसूरी में हनुमान जयंती को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।



