
देहरादून।
जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और उपभोक्ताओं को समय पर जानकारी देने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी ने गैस कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि गैस आपूर्ति और वितरण से जुड़ी जानकारी उपभोक्ताओं तक बल्क एसएमएस के माध्यम से पहुंचाई जाए। इसके साथ ही गैस एजेंसियों पर जागरूकता के लिए फ्लेक्सी और सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
गैस से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए आपदा कंट्रोल रूम में विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नागरिक किसी भी समस्या, सूचना या शिकायत के लिए दूरभाष नंबर 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाएगी। 📞
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों के साथ गैस एजेंसियों के स्टॉक, वितरण और बैकलॉग की रेंडम जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया है। यदि कहीं घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाया जाता है तो उसे तुरंत जब्त कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ⚠️
बैठक में बताया गया कि जनपद में वर्तमान में 72 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनके माध्यम से लगभग 7.81 लाख घरेलू उपभोक्ताओं और 19,624 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की जाती है। जनपद में गैस की आपूर्ति विभिन्न डिपो से की जा रही है, जिससे वितरण व्यवस्था को बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा की गई जांच में डोईवाला में 2 और विकासनगर में 12 घरेलू गैस सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग में पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सहित तेल कंपनियों के प्रतिनिधि और गैस एजेंसी एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



