उत्तराखंडदेहरादून

महिला सम्मान के मुद्दे पर राज्य स्वराज पार्टी का प्रदर्शन, विधायक प्रीतम सिंह के आवास के बाहर फूंका पुतला।

त्यूणी प्रकरण की कथित कॉल रिकॉर्डिंग में बालिकाओं के प्रति की गई टिप्पणियों पर जताया विरोध, सार्वजनिक माफी की उठाई मांग।

देहरादून, 04 नवंबर 2026। महिला सम्मान से जुड़े मुद्दे को लेकर राज्य स्वराज पार्टी ने बुधवार को यमुना कॉलोनी स्थित विधायक प्रीतम सिंह के आवास के बाहर प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने त्यूणी प्रकरण से जुड़ी कथित कॉल रिकॉर्डिंग में बालिकाओं के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए विधायक प्रीतम सिंह और उनके भाई से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र सिंह बिष्ट ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध कांग्रेस पार्टी अथवा कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही उत्तराखंड न्याय यात्रा से नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी का विरोध केवल महिला सम्मान से जुड़े इस प्रकरण को लेकर है और महिलाओं एवं बालिकाओं की गरिमा से जुड़े सवालों को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
वहीं, वरिष्ठ नेता ललित श्रीवास्तव उत्तराखंडी ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि महिला सम्मान और न्याय की बात करते हैं, तो उन्हें अपने आचरण में भी इन मूल्यों का पालन करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि त्यूणी प्रकरण में सामने आई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर अब तक सार्वजनिक रूप से माफी क्यों नहीं मांगी गई है?
पार्टी की ओर से मांग की गई कि विधायक प्रीतम सिंह एवं उनके भाई इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और महिला सम्मान के प्रति अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट करें।
राज्य स्वराज पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं का सम्मान किसी भी राजनीतिक दल, विचारधारा अथवा राजनीतिक मतभेद से ऊपर है। महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरे मापदंड स्वीकार नहीं किए जा सकते। पार्टी ने स्पष्ट किया कि सामाजिक गरिमा, महिला स्वाभिमान और न्याय से जुड़े मुद्दों पर उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
प्रदर्शन में पार्टी के महासचिव राजेंद्र भट्ट, महानगर अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, मुकेश चौहान, संजय चौहान, जसपाल चौहान, यशपाल राठौर, गीता चौहान, अमित अग्रवाल, दिव्यांश बिष्ट, अमित पासवान, मनीष राणा, इकराम, अमित, बचन राणा, महिपाल चौहान, बिट्टू वर्मा और मनदेव राणा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button