मसूरी में दीपावली मिलन समारोह — कीर्तन मंडलियों को सम्मानित कर मातृशक्ति को किया नमन :
दीपों के पर्व दीपावली के शुभ अवसर पर हिमवंत महिला समूह द्वारा मसूरी शहर की छः कीर्तन मंडलियों को सम्मानित कर धार्मिक चेतना और जन-सरोकारों को नई दिशा दी गई।

मसूरी:कुलड़ी बाजार स्थित होटल सभागार में आयोजित समारोह में पारंपरिक मांगलिक गीतों की भजन संध्या ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुँचाने वाली इन मंडलियों ने अपनी मधुर आवाज से सभी को भावविभोर कर दिया।

मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता वरुण राज सिंह भंडारी ने कहा —
“मसूरी मेरी शिक्षा की भूमि रही है, और यहां की मातृशक्ति व युवा शक्ति ने राज्य निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। मैं उत्तराखंड के युवाओं के स्वरोजगार हेतु सदैव सहयोग को तत्पर रहूंगा।”
संयोजिका पुष्पा पडियार ने बताया —
“हमारी संस्था ने गरीब परिवारों के मांगलिक कार्यों में निशुल्क कीर्तन सेवा देने का संकल्प लिया है। भविष्य में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को भी गति दी जाएगी।”
सम्मानित कीर्तन मंडलियाँ:
– माँ सुरकंडा मलिंगार
– नवदुर्गा प्रतापनगर
– माँ काली कीर्तन मंडली
– हुसैनगंज कीर्तन मंडली
इस मौके पर लक्ष्मी उनियाल, सुषमा, लीला कंडारी, अनीता पुंडीर, नरेंद्र पडियार, ललित कनियाल सहित शहर की अनेक सामाजिक कार्यकर्ता बहनों ने आयोजन की गरिमा को बढ़ाया।



