श्रीनगर में दर्दनाक हादसा: ट्यूशन से घर लौट रहे 17 वर्षीय मुकुल की मौत।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर यूटिलिटी वाहन ने स्कूटी को मारी टक्कर, दोस्त घायल; परिवार में मचा कोहराम।

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर एक परिवार की खुशियां छीन ले गया। श्रीनगर में रविवार शाम ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे 17 वर्षीय छात्र मुकुल सिंह नेगी की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसका दोस्त भी घायल हो गया। घटना के बाद नैथाना गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, नैथाना निवासी मुकुल सिंह नेगी रविवार शाम अपने दोस्त के साथ स्कूटी से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर संयुक्त उप जिला अस्पताल के समीप सामने से आ रहे एक यूटिलिटी वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छात्र सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे में मुकुल को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे बेस अस्पताल श्रीकोट में मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसका दोस्त भी हादसे में घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है।



