
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में होली का पर्व पूरे उत्साह, उल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही गली-मोहल्लों में लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली की शुभकामनाएं दीं। घरों में आए मेहमानों का स्वागत गुजिया, मठरी, दही भल्ले जैसे पारंपरिक पकवानों से किया गया।
शहर के प्रमुख स्थल शहीद भगत सिंह चौक पर मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से विशेष होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय युवाओं और पर्यटकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। डीजे की धुन पर सभी ने जमकर नृत्य किया। अंत में विजेता टीम को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही एसोसिएशन की ओर से भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
माल रोड पर भी पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर रंगों की होली खेली। होटल और गेस्ट हाउसों में ठहरे पर्यटकों ने भी उत्सव में भाग लेते हुए स्थानीय लोगों के साथ गुलाल लगाकर त्योहार का आनंद लिया।

इस अवसर पर भाजपा मसूरी मंडल एवं व्यापार संघ के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली भारतीय संस्कृति का सबसे सुंदर पर्व है, जो आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार लोगों को गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे से गले मिलने और संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।
पूरे शहर में दिनभर रंग, गुलाल और उत्साह का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में मसूरी घूमने आए पर्यटकों ने भी स्थानीय जनता के साथ मिलकर होली मनाई, जिससे पर्यटन नगरी का उत्सव और भी खास बन गया।



