
देहरादून। निरंजनपुर सब्जी मंडी में शुक्रवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर तीन दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि पास की दो दुकानें भी प्रभावित हुई हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पटेल नगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक दुकान की छत पर लगे थर्माकॉल में अचानक आग लग गई, जिसके बाद नीचे रखे बोरों में भरे सूखे नारियल ने भी आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की दो अन्य दुकानों तक फैल गई।
घटना के समय दुकान के अंदर मालिक और उसका मुनीम मौजूद थे। आग लगने से दोनों अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू कर दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने करीब काफी देर तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। आग लगने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि पहले ऊपर लगी पन्नी में आग लगी, जो जलकर नीचे रखी प्लास्टिक कैरेट पर गिर गई और आग तेजी से फैल गई।
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।



