
मसूरी। ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच चल रहे युद्ध का असर अब देश के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है और पर्यटन नगरी मसूरी भी इससे अछूती नहीं रही। व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से होटल, रेस्टोरेंट और होम स्टे व्यवसाय पर संकट गहराने लगा है। हालांकि गैस एजेंसियों का कहना है कि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन लोगों में पैनिक के कारण परेशानी बढ़ गई है।

मसूरी में लगभग 300 से अधिक होटल और करीब 250 होम स्टे पंजीकृत हैं। व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कमी के कारण कई होटलों के किचन बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं, जबकि कुछ होटलों में किचन अस्थायी रूप से बंद भी कर दिए गए हैं। इससे होटल बुकिंग रद्द होने लगी हैं और आने वाले पर्यटन सीजन पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति कई दिनों से बाधित है, जिसके कारण अधिकतर होटलों के किचन बंद होने की कगार पर हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो पर्यटन व्यवसाय पर बड़ा असर पड़ेगा।
वहीं रेस्टोरेंट व्यवसायी नीरज अग्रवाल ने बताया कि पिछले पांच दिनों से व्यावसायिक गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं और रेस्टोरेंट चलाने के लिए मुश्किल से तीन-चार दिन का ईंधन बचा है। यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो रेस्टोरेंट बंद करने की नौबत आ सकती है।
होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने बताया कि मसूरी में करीब 250 होम स्टे संचालित हैं। व्यावसायिक गैस की आपूर्ति बंद होने से होम स्टे संचालकों को भी किचन बंद करने की चिंता सताने लगी है।
उधर घरेलू गैस उपभोक्ताओं को भी बुकिंग को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ता सतीश ने बताया कि उन्होंने चार दिन पहले गैस बुक कराई थी, लेकिन अभी तक डीएसी ओटीपी नहीं आया है। भारत गैस काउंटर पर भी सुबह से लंबी कतारें लगी रहीं। लाइन में लगे विकास थापली और सुमन ने बताया कि गैस बुकिंग के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है।
इस संबंध में इंडेन गैस गोदाम के प्रबंधक नरेंद्र गुसाईं ने बताया कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। लोगों के पैनिक में बार-बार बुकिंग करने से सिस्टम पर दबाव बढ़ गया है, जिसके कारण डीएसी ओटीपी आने में देरी हो रही है। उन्होंने बताया कि मसूरी में करीब 9 हजार घरेलू गैस कनेक्शन और लगभग 200 व्यावसायिक कनेक्शन हैं। फिलहाल व्यावसायिक गैस की आपूर्ति रुकी हुई है, लेकिन जल्द आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।
वहीं पेट्रोल पंपों पर भी लोगों की भीड़ देखी जा रही है। पेट्रोल पंप संचालक नीरज अग्रवाल ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन लोगों के पैनिक के कारण लाइनें लग रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जरूरत के अनुसार ही ईंधन भरवाएं।



