उत्तराखंडटिहरी

बांसा पाणी (मलेथा) में नमामि गंगे परियोजना के तहत बनेगा घाट, जिलाधिकारी से की मुलाकात।

टिहरी। मलेथा क्षेत्र के ऐतिहासिक और पैतृक घाट बांसा पाणी में जल्द ही नमामि गंगे परियोजना के तहत घाट निर्माण का रास्ता साफ हो सकता है। इस संबंध में डागर पट्टी संघर्ष समिति के संयोजक और पूर्व भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गौरव राणा ने जिलाधिकारी टिहरी एवं नमामि गंगे परियोजना समिति की अध्यक्ष श्रीमती नीतिका खंडेलवाल से मुलाकात कर प्रस्ताव रखा।
गौरव राणा ने बताया कि मलेथा क्षेत्र की डागर पट्टी, अकरी बारजुला पट्टी सहित आसपास के 100 से अधिक गांवों के लोगों का पैतृक और धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण घाट बांसा पाणी है। वर्षों से यहां घाट के अभाव में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नमामि गंगे परियोजना के तहत यहां एक सुव्यवस्थित और भव्य घाट का निर्माण कराया जाना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह पहले भी निदेशक नमामि गंगे परियोजना को प्रस्ताव भेज चुके हैं। अब जिलाधिकारी से मुलाकात कर इस विषय को दोबारा प्रमुखता से उठाया गया है, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।
गौरव राणा ने कहा कि घाट बनने से न केवल धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि इससे क्षेत्र के विकास और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन की सकारात्मक पहल से बांसा पाणी घाट का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि मलेथा क्षेत्र के विकास के लिए उनकी ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी क्षेत्र की जनसमस्याओं को उठाकर समाधान कराने का काम जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button