
मसूरी। लंढौर छावनी परिषद ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को बड़ी सौगात देते हुए उमंग वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केंद्र तथा दो बाल उद्यानों का उद्घाटन किया। छावनी परिषद के अध्यक्ष ब्रिगेडियर आरएस थापा और मुख्य अधिशासी अधिकारी अंकिता सिंह ने भारी बारिश के बीच इन सुविधाओं का लोकार्पण किया।
चार दुकान एवं छावनी बाजार के समीप मलिंगार क्षेत्र में बने इन केंद्रों को स्थानीय नागरिकों को समर्पित किया गया। वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केंद्र में लाइब्रेरी, योग कक्ष और इंडोर गेम्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि बाल उद्यानों में बच्चों के लिए आधुनिक झूले और ग्रास मैट लगाए गए हैं।
इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने छावनी परिषद का आभार व्यक्त करते हुए खुशी जताई। वरिष्ठ नागरिक अवतार कुकरेजा ने बताया कि लंबे समय से इस तरह की सुविधा की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि इससे वरिष्ठ नागरिकों को पढ़ने, योग करने और मनोरंजन के साथ स्वास्थ्य लाभ लेने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान अवतार कुकरेजा ने अध्यक्ष व सीईओ को पहाड़ी टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्व उपाध्यक्ष महेश चंद, पूर्व सभासद पुष्पा पडियार, नरेंद्र पडियार, कमल शर्मा, विजय बुटोला, कार्यालय अधीक्षक सिकंदर नौटियाल, अभियंता शशांक चौहान और प्रोग्रामर मयंक लखेडा सहित कई लोग मौजूद रहे।



