देहरादूनमसूरी

मसूरी प्रेस क्लब की वार्षिक आम सभा सम्पन्न, वर्षभर की गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा।

मसूरी। मसूरी प्रेस क्लब की वार्षिक आम सभा क्लब कार्यालय में उत्साहपूर्वक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए क्लब अध्यक्ष सुनील सिलवाल ने सभी सदस्यों का स्वागत किया और वर्षभर क्लब द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि मसूरी प्रेस क्लब न केवल पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय है, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।


सभा के दौरान महासचिव सूरत सिंह रावत ने वर्षभर की गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रेस क्लब द्वारा स्मारिका का प्रकाशन किया गया, साथ ही होली मिलन एवं दीपावली मिलन जैसे कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। कोषाध्यक्ष मोहसिन तन्हा ने वर्षभर के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से पारित किया।
बैठक में क्लब के विकास को लेकर सदस्यों के साथ विचार-विमर्श किया गया और सुझाव आमंत्रित किए गए, ताकि भविष्य में क्लब की गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जा सके तथा सदस्य सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर अध्यक्ष सुनील सिलवाल ने सभी सदस्यों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रेस क्लब ने स्मारिका लोकार्पण की परंपरा को बनाए रखा है। साथ ही, उत्तराखंड प्रेस क्लब से मिली संबद्धता को क्लब की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने मसूरी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी तथा पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी के विशेष सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।
स्मारिका लोकार्पण समारोह के दौरान शहर की पांच विशिष्ट विभूतियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। सभा के अंत में निर्णय लिया गया कि भविष्य में प्रेस क्लब द्वारा इनडोर गेम्स, क्रिकेट प्रतियोगिताओं और शहर हित से जुड़े संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में संयोजक बिजेंद्र पुंडीर, उपाध्यक्ष हरीश कालरा, सह सचिव नरेश नौटियाल, दीपक रावत, उपेंद्र लेखवार, आशीष भट्ट, तान्या सैली, धर्मेंद्र धाकड़, भानु काला, सुमित कंसल, मोहन कैंतुरा, अमित गुप्ता एवं डॉ. नीरज सिंघल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button