देहरादूनमसूरी

मसूरी में जाम पर सख्ती: नगर पालिका ने 21 रेंटल स्कूटियां की जब्त, लाइसेंस निरस्तीकरण की तैयारी।

पिक्चर पैलेस-लंढौर रोड पर कार्रवाई, सड़क किनारे खड़े वाहनों व टैक्सियों पर भी चलेगा अभियान।

मसूरी।
पर्यटन नगरी मसूरी में लगातार बढ़ते यातायात जाम को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए रेंटल स्कूटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पालिका टीम ने पिक्चर पैलेस-लंढौर रोड पर सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़ी 21 रेंटल स्कूटियों को जब्त कर नगर पालिका परिसर पहुंचाया। साथ ही संबंधित संचालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए आरटीओ को पत्र भेजने की तैयारी की जा रही है।
इस कार्रवाई से स्कूटी संचालकों में हड़कंप मच गया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन के नेतृत्व में सुबह ही टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। कई स्कूटियों को वाहन में भरकर ले जाया गया, जबकि कुछ को मौके पर ही चेन लगाकर जब्त किया गया।
अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि मसूरी में लगने वाले जाम में सड़क किनारे खड़ी रेंटल स्कूटियां बड़ी समस्या बन चुकी हैं। इसी को देखते हुए अभियान की शुरुआत की गई है और पहले ही दिन 21 स्कूटियों को जब्त किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर पालिका द्वारा जल्द ही बड़ी चेन और व्हील क्लैंप मंगवाए जा रहे हैं, ताकि मौके पर ही वाहनों को जाम कर कार्रवाई की जा सके। इस बार जब्त की गई स्कूटियों में कई पर्यटकों की भी थीं, जिन्हें चालान कर छोड़ा जा रहा है।
पालिका प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सड़क किनारे खड़े अन्य वाहनों और टैक्सियों के खिलाफ भी जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। शहर की सभी प्रमुख सड़कों पर इस तरह की कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button