
मसूरी। भारतीय जनता पार्टी मसूरी मंडल के शक्ति केंद्र संयोजकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं एवं शक्ति केंद्र संयोजकों को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि शक्ति केंद्र, बूथ और मंडल के बीच एक मजबूत संगठनात्मक कड़ी के रूप में कार्य करता है। उन्होंने बताया कि सामान्यतः 3 से 5 बूथों के समूह को मिलाकर एक शक्ति केंद्र बनाया जाता है, जिसकी जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर संगठन को सशक्त करना, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार करना तथा चुनाव के समय बूथ कार्यकर्ताओं को सक्रिय बनाए रखना होता है।
उन्होंने शक्ति केंद्र संयोजकों की भूमिका को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका प्रमुख दायित्व अपने क्षेत्र के सभी बूथों पर समितियों का गठन और सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही मंडल अध्यक्ष के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित बैठकों का आयोजन, सरकार की नीतियों का प्रचार-प्रसार, घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से मतदाताओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करना भी उनकी जिम्मेदारियों में शामिल है।
रजत अग्रवाल ने कहा कि शक्ति केंद्र संयोजक संगठन की जमीनी संरचना के अहम स्तंभ होते हैं, जो बूथ स्तर की रिपोर्टिंग से लेकर चुनावी तैयारियों तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रियता बढ़ाने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य बीर सिंह चौहान, ज्योति कोटिया, मंडल महामंत्री किरण, सचिन पंवार, गुड मोहन राणा, वंदना ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



