
मसूरी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन अपने परिवार के साथ तीन दिवसीय निजी प्रवास पर पर्यटन नगरी मसूरी पहुंचे। प्रवास के अंतिम दिन उन्होंने भाजपा मसूरी मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आत्मीय भेंट कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।
इस अवसर पर भाजपा मसूरी मंडल की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष का पारंपरिक पहाड़ी शॉल एवं उत्तराखंडी टोपी पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। श्री नितिन नवीन ने मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता, स्वच्छ वातावरण एवं यहां की सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि मसूरी देश के सबसे सुंदर पर्यटन स्थलों में से एक है। उन्होंने शीघ्र ही पुनः मसूरी आने का वादा भी किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगामी जनवरी 2027 में होने वाले चुनावों के मद्देनजर अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने बूथ पर सक्रिय रहकर संगठन विस्तार के लिए कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, राकेश रावत, पूर्व मंडल महामंत्री कुशाल राणा, मंडल उपाध्यक्ष विजय बिंदवाल, गुड मोहन राणा तथा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



