
हरिद्वार। प्रेम नगर आश्रम में विस्तारित प्रदेश कार्य समिति के निमित्त भाजपा की प्रदेश पदाधिकारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी श्री राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी श्री अरविंद मेनन, सुश्री बांसुरी स्वराज एवं प्रदेश महामंत्री संगठन श्री फणींद्र नाथ शर्मा सहित प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला प्रभारियों से एकजुट होकर पूरी सक्रियता के साथ चुनावी मोड में जुटने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन के प्रत्येक स्तर पर तैयारियां तेज करनी होंगी और कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ऊर्जा के साथ मैदान में उतरना होगा।
बैठक में आगामी संगठनात्मक एवं चुनावी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई। इसके तहत प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सभी जनपदों में जिला एवं मंडल स्तर की बैठकें, प्रत्येक विधानसभा में कोर कमेटी की बैठकें, बूथ विजय अभियान, बूथ सम्मेलन तथा विधानसभा स्तरीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में 25 दिसंबर से 9 जनवरी तक प्रदेशभर में जन आशीर्वाद यात्रा आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। यह यात्रा गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में अलग-अलग आयोजित होगी।
वरिष्ठ नेताओं ने संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में सभी पदाधिकारियों को आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का आह्वान किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह सक्रिय, संगठित और मजबूत बनाना रहा।


