
मसूरी:पर्यटन नगरी मसूरी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार पर्यटकों की जान चली गई। झड़ीपानी-कोल्हूखेत मार्ग पर एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:15 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना मसूरी पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस, 108 एम्बुलेंस, एसडीआरएफ तथा आईटीबीपी की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार सवार लोग उत्तरकाशी से मसूरी आए थे। हादसे से कुछ समय पहले उन्होंने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन में बैठते ही कार तेज ढलान की ओर अनियंत्रित गति से बढ़ी और सड़क से नीचे खाली प्लॉट को पार करते हुए गहरी खाई में जा गिरी।
मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर गाजियाबाद (48 वर्ष) तथा संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग दिल्ली (46 वर्ष) के रूप में हुई है।
एसडीआरएफ और आईटीबीपी के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में खाई में उतरकर सभी शवों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना प्रतीत हो रहा है, जिससे कार तीव्र ढलान पर अनियंत्रित हो गई।
घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है, जो मसूरी के लिए रवाना हो चुके हैं। मौके पर क्षेत्राधिकारी मसूरी, पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



