
मसूरी। आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्राओं को उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित उदयन शालिनी फेलोशिप के 19वें बैच के इंडक्शन कार्यक्रम में मसूरी की 7 छात्राओं सहित देहरादून जनपद की 30 छात्राओं का चयन किया गया। चयनित छात्राओं को फेलोशिप प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की सहायक महानिरीक्षक नीलिमा शाह ने उदयन केयर द्वारा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह फेलोशिप छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करेगी तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास देगी।
उदयन केयर की संस्थापिका डॉ. किरन मोदी ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद बेटियों की शिक्षा के प्रति अभिभावकों का समर्पण प्रेरणादायी है। यही सहयोग बेटियों को अपने सपनों को साकार करने का अवसर देता है।
देहरादून जिले से चयनित 30 छात्राओं में मसूरी की 7 छात्राओं का चयन विशेष उपलब्धि माना जा रहा है। इनमें दो छात्राएं सनातन धर्म इंटर कॉलेज, दो छात्राएं मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा तीन छात्राएं निर्मला इंटर कॉलेज से चयनित हुई हैं।
कोर कमेटी सदस्य एवं छावनी परिषद मसूरी की पूर्व सभासद कमल शर्मा ने बताया कि संस्था वर्तमान में देश के 15 राज्यों में 38 चैप्टरों के माध्यम से कार्य कर रही है। इस वर्ष करीब 1,200 नई छात्राएं संस्था से जुड़ी हैं, जबकि अब तक लगभग 10 हजार छात्राएं इसका लाभ प्राप्त कर चुकी हैं। देहरादून चैप्टर में वर्तमान में 945 छात्राएं जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने बताया कि छात्राओं का चयन लिखित परीक्षा, साक्षात्कार और गृह भ्रमण की तीन चरणीय प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है, जिससे वास्तव में जरूरतमंद और प्रतिभाशाली छात्राओं को सहायता मिल सके।
कार्यक्रम में विमल डबराल, डॉ. दलजीत कौर, कमल शर्मा, नीलू खन्ना, आसरा ट्रस्ट के सदस्य, मेंटर्स, एलुमनाई, छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



