देहरादूनमसूरी

अग्निशमन सेवा सप्ताह: मसूरी में जागरूकता रैली, “सुरक्षित समाज” का दिया संदेश।

मसूरी। उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र, मसूरी के तत्वावधान में अग्निशमन सेवा सप्ताह का शुभारंभ करते हुए शहर में व्यापक जनजागरूकता रैली निकाली गई। अकादमी रोड स्थित केंद्र से प्रारंभ हुई यह रैली गांधी चौक, किंक्रेग, मैसानिक लॉज, पिक्चर पैलेस, भगत सिंह चौक होते हुए लंढौर तक पहुंची और पुनः माल रोड मार्ग से वापस लौटी।

अग्निशमन सेवा सप्ताह 20 अप्रैल तक मनाया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य “सुरक्षित स्कूल, सुरक्षित अस्पताल और जागरूक समाज मिलकर रोकें आग” थीम के तहत आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान विभाग द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रैली निकालकर पर्चे वितरित किए गए और लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
विभाग ने स्कूलों में विद्युत जांच नियमित कराने, पुराने व खराब स्विच बदलने और आपातकालीन निकास द्वार को बाधामुक्त रखने की अपील की। वहीं अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडरों के पास धूम्रपान या ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखने, स्टाफ को फायर सेफ्टी प्रशिक्षण देने और आपात स्थिति में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
घरेलू स्तर पर भी सावधानी बरतने की सलाह देते हुए अग्निशमन विभाग ने रसोई गैस का उपयोग सतर्कता से करने, खाना बनाने के बाद रेगुलेटर बंद रखने और बिजली के सॉकेट में ओवरलोडिंग से बचने के लिए मल्टी प्लग का प्रयोग न करने की हिदायत दी। आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय झुककर बाहर निकलने, सीढ़ियों का प्रयोग करने और कपड़ों में आग लगने पर दौड़ने की बजाय जमीन पर लुढ़कने जैसे महत्वपूर्ण उपाय भी बताए गए।
इसके अलावा बच्चों को माचिस व लाइटर से दूर रखने, घर में ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित रखने और बिस्तर पर बैठकर धूम्रपान न करने की अपील की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि आग लगने की स्थिति में भीड़ एकत्र न करें और तत्काल आपातकालीन सेवा नंबर 112 पर संपर्क करें।
अग्निशमन सेवा सप्ताह के माध्यम से विभाग का उद्देश्य जन-जन तक सुरक्षा का संदेश पहुंचाना और संभावित हादसों को रोकने के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button