
देहरादून। डिजिटल स्वतंत्र पत्रकार एसोसिएशन उत्तराखंड की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब के समीप उज्ज्वल रेस्टोरेंट में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे डिजिटल पत्रकारों ने हिस्सा लेकर डिजिटल मीडिया से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक का मुख्य मुद्दा प्रदेश में डिजिटल मीडिया के लिए स्पष्ट नीति का अभाव रहा। पत्रकारों ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म सबसे तेज माध्यम बन चुके हैं, जहां खबरें सबसे पहले जनता तक पहुंचती हैं। डिजिटल पत्रकार लगातार जोखिम उठाकर ग्राउंड जीरो से रिपोर्टिंग करते हैं, लेकिन सरकार की डिजिटल पॉलिसी लागू न होने के कारण उन्हें कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में न्यूज पोर्टल संचालकों ने यह भी मुद्दा उठाया कि पोर्टलों के टेंडर डाले हुए लगभग एक वर्ष का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक प्रक्रिया स्पष्ट नहीं हो सकी है। पत्रकारों ने इस पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि विभागीय स्तर पर हो रही देरी को लेकर सरकार को शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
पत्रकारों ने कहा कि प्रदेश में प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और न्यूज पोर्टलों के लिए नियमावली तो मौजूद है, लेकिन सबसे अधिक दर्शक संख्या और तेजी से बढ़ते प्रभाव के बावजूद डिजिटल मीडिया के लिए अब तक कोई ठोस नीति नहीं बनाई गई है। इसे डिजिटल पत्रकारों के साथ अन्याय बताया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जल्द ही सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर डिजिटल मीडिया पॉलिसी को शीघ्र लागू करने की मांग की जाएगी।
संगठन विस्तार को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई। संगठन के अध्यक्ष राजेश “पोल खोल” बहुगुणा ने कहा कि प्रदेशभर के डिजिटल पत्रकारों को संगठन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही सभी जिलों के जिला सूचना अधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और जिलाधिकारियों को संगठन के सदस्यों की सूची भेजी जाएगी। साथ ही विकासनगर की जिम्मेदारी युवराज राठौर तथा ऋषिकेश की जिम्मेदारी अंकित गैरोला को सौंपी गई है।
बैठक में आगामी 30 मई हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर देहरादून में भव्य सम्मान समारोह आयोजित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिस पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई।
प्रदेशभर में बढ़ रही घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पत्रकारों ने कहा कि प्रदेश हित से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता के आधार पर प्रकाशित किया जाएगा। साथ ही सभी सदस्यों से पत्रकारिता की गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखने की अपील भी की गई।
बैठक में ऋषिकेश, विकासनगर, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और मसूरी सहित विभिन्न क्षेत्रों के डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्यरत पत्रकार मौजूद रहे।



