
देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा ने देहरादून स्थित प्रदेश मुख्यालय को विधिवत रूप से प्रदेश चुनाव कार्यालय के रूप में संचालित करना शुरू कर दिया है। सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजा-पाठ के साथ प्रदेश चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया गया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति को लेकर भाजपा का यह कदम संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के लिए प्रदेश मुख्यालय परिसर को सरकार और संगठन की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े संदेशों के साथ नया स्वरूप दिया गया। विधिवत पूजा-अर्चना और हवन के दौरान वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता की कामना करते हुए आहुतियां दीं।
कार्यक्रम में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत समेत बड़ी संख्या में सरकार में दायित्वधारी, पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
चुनावी रणनीति और बूथ प्रबंधन का केंद्र बनेगा कार्यालय
प्रदेश चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि अब प्रदेश मुख्यालय आगामी विधानसभा चुनाव तक पार्टी के चुनावी प्रबंधन और संगठनात्मक समन्वय का प्रमुख केंद्र रहेगा। यहां से प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए चुनावी रणनीति तैयार करने के साथ प्रचार अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव से संबंधित विभिन्न विभागों और समितियों के लिए कार्यालय में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे सूचनाओं का आदान-प्रदान और चुनावी योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन तेजी से किया जा सकेगा। इसी क्रम में जल्द ही जिलों और विधानसभा स्तर पर भी चुनाव कार्यालय शुरू किए जाएंगे।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश चुनाव कार्यालय का संचालन शुरू होना वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि देवभूमि की जनता के आशीर्वाद और पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।
कार्यकर्ताओं को जनता के बीच पहुंचने का आह्वान
हवन-पूजन के उपरांत प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने वरिष्ठ नेताओं के साथ कार्यालय में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह के साथ जनता के बीच पहुंचने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है।
संविधान दिवस पर बाबा साहब को किया नमन
इस अवसर पर संविधान दिवस के मौके पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों एवं सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
प्रदेश चुनाव कार्यालय का शुभारंभ भाजपा की आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को औपचारिक रूप से गति देने वाला कदम माना जा रहा है। अब प्रदेश मुख्यालय से चुनावी रणनीति, संगठनात्मक समन्वय और जनसंपर्क अभियानों को संचालित किया जाएगा।


