उत्तराखंडदेहरादून

बद्रीनाथ चढ़ावा प्रकरण: कांग्रेस के आरोपों पर BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का पलटवार, बोले— जांच प्रभावित करने की हो रही कोशिश।

देहरादून, 20 जुलाई। बद्रीनाथ धाम के चढ़ावा प्रकरण को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर श्री बद्रीनाथ-श्री केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस के अपने मुद्दों से ध्यान भटकाने और चल रही जांच को प्रभावित करने का प्रयास है।
देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता में द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पूरे मामले की एसआईटी, विभागीय तथा आयुक्त स्तर की उच्च स्तरीय जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चंदा चोरी प्रकरण में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
हेमंत द्विवेदी ने सवाल उठाया कि जिस आरोपी के कथित बयान का हवाला कांग्रेस दे रही है, वह जानकारी उन्हें कहां से मिली। उन्होंने कहा कि यदि यह जानकारी सार्वजनिक रिकॉर्ड का हिस्सा नहीं है, तो इस तरह के बयान जांच को प्रभावित करने और दोषियों को बचाने की कोशिश माने जा सकते हैं।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के कार्यकाल पर भी गंभीर आरोप लगाए। द्विवेदी ने दावा किया कि गोदियाल के अध्यक्ष रहते मंदिर समिति के संसाधनों और धन का दुरुपयोग हुआ तथा नियमों की अनदेखी कर नियुक्तियां और पदोन्नतियां की गईं। उन्होंने यह भी कहा कि इन मामलों से संबंधित जांच रिपोर्ट पहले से उपलब्ध है।
द्विवेदी ने कहा कि बद्रीनाथ और केदारनाथ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं और इस मामले का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि मंदिर समिति पारदर्शी जांच के पक्ष में है और जांच पूरी होने के बाद सच्चाई स्वतः सामने आ जाएगी।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी तथा मीडिया संपर्क संयोजक हरीश चमोली भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button