उत्तराखंडदेहरादून

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भाजपा, विस्तारक योजना के लिए प्रदेश टोली गठित।

नलिन भट्ट को प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी, पांच नेताओं को बनाया गया सह-संयोजक।

देहरादून, 11 अक्टूबर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी ने विस्तारक योजना के प्रभावी संचालन और समन्वय के लिए प्रदेश संयोजक एवं सह-संयोजकों की नियुक्ति की है। पार्टी का यह कदम चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और विधानसभा स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की सहमति से प्रदेश महामंत्री द्वारा विस्तारक योजना के लिए प्रदेश टोली की घोषणा की गई है। इसके तहत प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट को प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि दिनेश खुल्बे, अखिलेश डबराल, विक्रम कंडारी, त्रिलोक सिंह बुटोला और मोहित कौशिक को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए गठित यह प्रदेश टोली संगठन की विस्तारक योजना के समन्वय और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। योजना के तहत प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पार्टी की चुनावी तैयारियों को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
भाजपा की यह प्रदेश टोली चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने तक विस्तारक योजना के संचालन में सक्रिय रहेगी। पार्टी को उम्मीद है कि पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की तैनाती और प्रदेश स्तर पर बेहतर समन्वय से संगठन की पहुंच बूथ एवं विधानसभा स्तर तक और अधिक मजबूत होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button