उत्तराखंडदेहरादून

किसानों की आय बढ़ाने में उत्तराखंड देश में अव्वल : गणेश जोशी।

मोदी-धामी सरकार की कृषि नीतियों से किसानों को मिल रहा लाभ, कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित।

देहरादून। उत्तराखंड में कृषि, बागवानी और पशुपालन के माध्यम से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने धामी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कृषि एवं किसान कल्याण को प्राथमिकता दी है। सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और किसानों की आय में वृद्धि के मामले में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों को बीज से लेकर बाजार तक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के 8 लाख से अधिक किसानों के खातों में 3 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है। वहीं, 4.5 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। कृषि स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण देने की व्यवस्था भी की गई है।
मंडुवा के खरीद मूल्य में दोगुने से अधिक की वृद्धि
गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश की पारंपरिक फसलों को बढ़ावा देने और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए मंडुवा का खरीद मूल्य 2,500 रुपये से बढ़ाकर 5,200 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। वहीं, उत्तराखंड के जीआई टैग प्राप्त उत्पादों की संख्या 9 से बढ़कर 27 हो गई है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिल रही है।
बागवानी और आधुनिक खेती से बढ़ रहे रोजगार के अवसर
कृषि मंत्री ने बताया कि बागवानी क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए 1,200 करोड़ रुपये की योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनके माध्यम से सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट की खेती को प्रोत्साहित करते हुए किसानों को 70 से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसके तहत 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में आधुनिक खेती को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों के लिए आय के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘महक क्रांति’ योजना के तहत 91 हजार से अधिक किसानों को सुगंधित खेती से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा नहरों से मुफ्त सिंचाई की सुविधा और महिला स्वयं सहायता समूहों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराकर खेती की लागत कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
डेयरी और मत्स्य पालन को भी सरकार का प्रोत्साहन
गणेश जोशी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश के 53 हजार डेयरी किसानों को दूध पर 4 रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। वहीं, गंगा गाय योजना के तहत महिलाओं को गाय खरीदने पर 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों के 550 से अधिक पशुपालकों से आईटीबीपी द्वारा 11 करोड़ रुपये से अधिक की सीधी खरीद की गई है। इससे स्थानीय पशुपालकों को उनके उत्पादों का बाजार उपलब्ध हो रहा है। इसके अलावा 170 करोड़ रुपये की मत्स्य प्रोत्साहन योजना के माध्यम से प्रदेश में मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड की ट्राउट मछली अब विदेशी बाजारों तक पहुंच बना रही है।
किसानों की समृद्धि ही विकसित उत्तराखंड का आधार
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य कृषि और बागवानी को किसानों के लिए लाभकारी व्यवसाय बनाना है। इसके लिए किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर बाजार और उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि एवं बागवानी के माध्यम से स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की खुशहाली और गांवों का आर्थिक सशक्तीकरण ही विकसित उत्तराखंड के निर्माण की मजबूत नींव है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button