
मसूरी।
पर्यटन नगरी मसूरी में पिक्चर पैलेस–लंढौर रोड स्थित बेकरी हिल कार पार्किंग को वेंडर जोन (पालिका बाजार) में बदलने के प्रस्ताव का विरोध तेज हो गया है। शहर कांग्रेस कमेटी ने इस निर्णय के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए एसडीएम कार्यालय के माध्यम से जिलाधिकारी देहरादून को ज्ञापन सौंपकर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि नगर पालिका परिषद द्वारा बेकरी हिल स्थित एमडीडीए कार पार्किंग को बंद कर वेंडर जोन में परिवर्तित करने का निर्णय न केवल अव्यवहारिक है, बल्कि इससे शहर की पहले से गंभीर पार्किंग समस्या और बढ़ेगी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह प्रस्ताव पालिका की बोर्ड बैठक में पारित किया गया, जिसका पार्टी पुरजोर विरोध करती है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मसूरी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर पहले ही पार्किंग की भारी कमी बनी हुई है और वर्तमान में पर्यटन सीजन शुरू होने के कारण वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे समय में एक महत्वपूर्ण पार्किंग स्थल को समाप्त करना शहर के यातायात प्रबंधन पर नकारात्मक प्रभाव डालेगा और जाम की स्थिति को और गंभीर बना सकता है।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी बताया कि उक्त पार्किंग से नगर पालिका को प्रतिवर्ष लगभग 6.50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। ऐसे में इसे बंद करना आर्थिक दृष्टि से भी नुकसानदेह है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय पर तत्काल रोक लगाई जाए, अन्यथा कांग्रेस पार्टी आंदोलन और धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी।
ज्ञापन देने वालों में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता, पालिका सभासद गीता कुमाई, शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ सोनकर सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
वहीं, पालिका सभासद गीता कुमाई ने भी अलग से एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर बेकरी हिल कार पार्किंग को वेंडर जोन में बदलने का विरोध जताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उपयोग में लाई जा रही इस पार्किंग को समाप्त करना शहर के हित में नहीं है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होगी और जाम की समस्या और विकराल रूप ले सकती है।



