
मसूरी। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर मसूरी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। शहीद भगत सिंह चौक पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए, जहां नारेबाजी के बीच मिष्ठान वितरण और आतिशबाजी की गई।
इस दौरान मसूरी विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाई और उत्साह में जमकर नृत्य भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा पर कई तरह के आरोप लगाए गए, लेकिन जनता ने भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की सख्ती और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के कारण निष्पक्ष चुनाव संभव हो सके, जिसका परिणाम भाजपा की बड़ी जीत के रूप में सामने आया। उन्होंने इसे “मोदी मैजिक” बताते हुए कहा कि आने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भी भाजपा प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।
प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने कहा कि भाजपा ने विकास के मुद्दे पर चुनाव जीतकर यह साबित किया है कि जनता अब सकारात्मक राजनीति को समर्थन दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है और कार्यकर्ताओं की मेहनत ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने इसे लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। वहीं मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है और इससे आगामी चुनावों में भी भाजपा को बढ़त मिलेगी।
इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल, गुडमोहन राणा, विजय बिंदवाल, नरेंद्र मेलवान, जगजीत कुकरेजा, अरुण कुमार, सचिन पंवार, कुशाल राणा, गौरी थपलियाल, रणवीर कंडारी, मदन मोहन शर्मा, सतीश ढोडियाल, अनीता सक्सेना, सलीम अहमद सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



