देवरा–हल्टाड़ी मोटर मार्ग की बदहाली पर उठे सवाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग।

उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) से निर्मित देवरा–हल्टाड़ी मोटर मार्ग कुछ ही वर्षों में जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, उखड़ी डामर और कीचड़ के कारण स्थानीय लोगों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी है। लोगों ने निर्माण में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उत्तरकाशी का यह क्षेत्र प्रदेश की प्रमुख एप्पल बेल्ट है और आगामी 15–20 दिनों में सेब सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में खराब सड़क के कारण हजारों बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है, जिससे आर्थिक नुकसान की आशंका भी बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सेब सीजन शुरू होने से पहले सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए। साथ ही निर्माण कार्य की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराई जाए। यदि सड़क वर्ष 2027 तक अनुरक्षण (मेंटेनेंस) अवधि में है, तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार संबंधित कार्यदायी संस्था या ठेकेदार से ही मरम्मत कराई जाए। जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई है।
उत्तराखंड बेरोजगार संघ के सचिव एवं पत्रकार डॉ. जे.पी. ध्यानी ने बताया कि वह जल्द ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़े मंत्री एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर मामले की उच्चस्तरीय जांच और शीघ्र समाधान की मांग करेंगे।



