देहरादूनमसूरी

मसूरी संवाद में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने रखी विकास की रूपरेखा, आवारा पशुओं से लेकर हेरिटेज बाजार तक कई मुद्दों पर दिया जवाब।

मसूरी। मसूरी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित “मसूरी संवाद” कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने शहर की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं, विकास योजनाओं और चुनावी घोषणाओं पर खुलकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि पालिका शहर के विकास को लेकर गंभीर है और चरणबद्ध तरीके से सभी कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

काउंसलिंग के बाद भी यदि कोई व्यक्ति अच्छा व्यवहार नहीं कर रहा है तो उसे समझाया जाएगा और सुधारने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई बार लोग अनजाने में गलतियां करते हैं, लेकिन पालिका का उद्देश्य दंड नहीं बल्कि सुधार है।

आवारा पशुओं की समस्या पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका लगातार पशुओं को देहरादून स्थित गौशाला भेज रही है, लेकिन इसके बावजूद लोग दोबारा पशुओं को सड़कों पर छोड़ देते हैं, जिससे समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने इसे शहर के लिए बड़ी चुनौती बताया। वहीं शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए मखडेती में एबीसी सेंटर स्थापित किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में राहत मिलने की उम्मीद है।

भिलाडू स्टेडियम के मुद्दे पर उन्होंने बताया कि इस संबंध में दो चरणों की बैठक हो चुकी है और नए जिलाधिकारी के साथ भी सकारात्मक चर्चा हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही स्टेडियम निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

लाइब्रेरी क्षेत्र में शाम के समय अव्यवस्था और जाम की स्थिति पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि रिक्शा स्टैंड पर खड़ी अधिकांश स्कूटियां स्थानीय लोगों की होती हैं। ऐसे में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को भी जिम्मेदारी निभानी होगी और व्यवस्था सुधारने में सहयोग देना होगा।

मसूरी के पूर्व चेयरमैनों और शहीदों के सम्मान को लेकर उन्होंने कहा कि पालिका जल्द एक भव्य कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसमें शहर के विकास में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उनके नाम पर लिंक रोडों का नामकरण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य दो सितंबर से पहले पूरा कर लिया जाएगा।

चुनावी घोषणा पत्र में शामिल लंढौर को हेरिटेज बाजार बनाने, घंटाघर के सौंदर्यीकरण और लंढौर की संपत्तियों को फ्रीहोल्ड करने के मुद्दे पर मीरा सकलानी ने कहा कि अभी उनके कार्यकाल का केवल एक वर्ष ही पूरा हुआ है और पांच वर्षों के कार्य एक साल में पूरे नहीं हो सकते। लेकिन जनता से किए गए सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लंढौर बाजार और साउथ रोड में विकास कार्य शुरू करने से पहले अतिक्रमण हटाना आवश्यक है। वहीं लंढौर भूधंसाव क्षेत्र में सुरक्षा कार्य पूरे होने के बाद ही आगे की योजनाओं पर काम किया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों और राज्य आंदोलनकारियों को हाउस टैक्स में छूट देने की योजना पर उन्होंने कहा कि इसे लागू करने में लगभग छह माह का समय लगेगा।

एमपीजी कॉलेज के प्रांतीयकरण के मुद्दे पर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में शिक्षामंत्री और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है तथा जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। वहीं गत बोर्ड के कथित घोटालों पर उन्होंने कहा कि इस मामले में भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में मसूरी प्रेस क्लब अध्यक्ष सुनील सिलवाल ने कहा कि “मसूरी संवाद” शहर के विकास और समस्याओं के समाधान की दिशा में एक सार्थक पहल है। इसका उद्देश्य जनता को विकास कार्यों, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और शहर की चुनौतियों से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ भी इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम प्रत्येक माह आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी का शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब महासचिव सूरत सिंह रावत, बिजेंद्र पुंडीर, शूरवीर भंडारी, हरीश कालरा, दीपक रावत, तान्या सैली, मोहसिन तन्हा, नरेश नौटियाल, धर्मेंद्र सिंह, अजीत कुमार, सुमित कंसल, शिव अरोड़ा, मोहन कैंतुरा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button