
मसूरी। मसूरी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी राहुल आनंद ने शहर से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का बेबाकी से जवाब देते हुए कहा कि प्रशासन शहर की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है और विभिन्न विभागों के समन्वय से जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत में मसूरी प्रेस क्लब की ओर से एसडीएम राहुल आनंद का गुलदस्ता, स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया गया।
सूखे नशे पर फिर चलेगा विशेष अभियान
शहर में तेजी से बढ़ रहे सूखे नशे के कारोबार पर एसडीएम ने कहा कि पूर्व में चलाए गए अभियान के बाद अब अगले 15 दिनों के भीतर दोबारा व्यापक अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
अवैध निर्माणों पर कार्रवाई जारी
मसूरी की कैरिंग कैपेसिटी पूरी होने के बावजूद हो रहे अवैध निर्माणों पर उन्होंने कहा कि इस मामले में उच्च न्यायालय में याचिका विचाराधीन है, जिसमें प्रशासन समेत संबंधित विभाग पक्षकार हैं। एमडीडीए लगातार अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि अवैध निर्माण हो रहे हैं, लेकिन बड़ी संख्या में मामले न्यायालय में लंबित होने के कारण कार्रवाई में समय लगता है। अधिकांश मामलों में आवासीय भवनों के स्वीकृत नक्शे पर व्यावसायिक निर्माण किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 1980 से पहले के वैध निर्माणों की स्थिति अलग है तथा होम-स्टे के नए लाइसेंस फिलहाल बंद कर दिए गए हैं।
पार्किंग समस्या के समाधान पर चल रहा काम
एसडीएम ने कहा कि मसूरी में लगभग चार हजार वाहनों की पार्किंग क्षमता है, जबकि स्थानीय वाहनों की संख्या भी लगभग इतनी ही है। पर्यटन सीजन में बाहरी वाहनों की भारी आमद के कारण समस्या बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि नई पार्किंग परियोजना पाइपलाइन में है तथा स्थानीय स्तर पर 8 से 10 पॉकेट पार्किंग के प्रस्तावों पर भी कार्य किया जा रहा है।
अतिक्रमण और माल रोड व्यवस्था पर सख्ती
पालिका की भूमि, विशेषकर बारह कैंची क्षेत्र में हुए अतिक्रमणों पर उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट से ध्वस्तीकरण के आदेश होने के बावजूद मानवीय दृष्टिकोण के कारण कार्रवाई रुकी हुई है, जिस पर पुनः विचार किया जा रहा है। माल रोड पर प्रतिबंधित समय में वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए स्थानीय लोगों के सहयोग की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने कहा कि नगर पालिका और पुलिस इस दिशा में कार्रवाई कर सकती है।
प्रमाण पत्र 15 दिन में बनाना अनिवार्य
कचहरी में प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही दिक्कतों पर एसडीएम ने कहा कि अधिकांश सेवाएं अब ऑनलाइन उपलब्ध हैं और किसी भी प्रमाण पत्र को 15 दिनों के भीतर जारी करना अनिवार्य है। यदि किसी को समस्या आती है तो वे सप्ताह में तीन दिन मसूरी में उपलब्ध रहते हैं और सीधे मिलकर समस्या का समाधान करा सकते हैं।
पेयजल, स्वास्थ्य और ध्वनि प्रदूषण पर भी जताई गंभीरता
यमुना पेयजल योजना की पाइप लाइनों में लीकेज से पुश्तों को हो रहे नुकसान पर उन्होंने पेयजल निगम को पूरी लाइन की जांच कराने के निर्देश देने की बात कही। उप जिला चिकित्सालय से चिकित्सकों की चारधाम यात्रा में तैनाती के कारण स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहे प्रभाव को स्वीकार करते हुए उन्होंने शासन को अलग से चिकित्सकों की नियुक्ति का प्रस्ताव भेजने की बात कही।
ध्वनि प्रदूषण पर उन्होंने कहा कि प्रशासन जल्द ही ध्वनि प्रदूषण मापक यंत्र उपलब्ध कराएगा, जिसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
जाम से राहत के लिए एलकेडी मार्ग का चौड़ीकरण
मसूरी में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम को गंभीर समस्या बताते हुए एसडीएम ने कहा कि एलकेडी मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है, जिससे भविष्य में वन-वे व्यवस्था लागू कर राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही होटल संचालकों से भी अपने परिसरों में पार्किंग की बेहतर व्यवस्था विकसित करने का आग्रह किया गया।
तहसील गठन और फेरी वालों पर भी बोले
मसूरी तहसील के गठन के संबंध में उन्होंने कहा कि तहसील के लिए उपयुक्त स्थान चयन की प्रक्रिया जारी है और अधिकारियों की नियुक्ति के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। माल रोड पर रेलिंग के बाहर सामान बेचने वाले फेरी वालों के खिलाफ नगर पालिका के साथ संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर की सुंदरता और प्राकृतिक दृश्य प्रभावित न हों।
कार्यक्रम में मसूरी प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुनील सिलवाल सहित सूरत सिंह रावत, बिजेंद्र पुंडीर, शूरवीर भंडारी, हरीश कालरा, दीपक रावत, तान्या सैली, मोहसिन तन्हा, नरेश नौटियाल, आशीष भट्ट, धर्मेंद्र धाकड़, सुमित कंसल, अमित गुप्ता, रजत एकांत शर्मा सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।



