
मसूरी। उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय विरासत के प्रतीक लोकपर्व हरेला के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार को मसूरी वन प्रभाग की जौनपुर रेंज अंतर्गत “खरका की धार नामे तोक” में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ धनौल्टी विधानसभा के विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने पौधारोपण किया।
वन विभाग, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से आयोजित इस अभियान के तहत अमरूद, तेजपत्ता, बांज, पदम और रीठा सहित स्थानीय जलवायु एवं पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के लगभग 500 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाना, जैव विविधता का संरक्षण करना तथा आमजन, विशेषकर युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक व्यक्ति लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का आह्वान करते हुए कहा कि वन एवं पर्यावरण का संरक्षण भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसमें जनसहभागिता की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने वन विभाग द्वारा संचालित हरित अभियान की सराहना करते हुए नियमित रूप से वृक्षारोपण करने तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर भाजपा जौनपुर मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, मनवीर माही नेगी, जयपाल कैरवान, ग्राम प्रधान ब्रह्मसारी जमुना नौटियाल, सरस्वती देवी, रौतु की बेली क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश बिष्ट, पृथ्वी सिंह रावत, जयप्रकाश नौटियाल सहित वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।



